लाखों के गहने और नकदी बरामद, चेकिंग के दौरान प्लेटफार्म नंबर चार से किया गिरफ्तार, आरपीएफ, जीआरपी और सीआईबी की टीम ने की कार्रवाई

फिरोजाबाद। ट्रेनाें में महिलाओं के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने वाले तीन बदमाशों को रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस और सीआईबी की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के पास से लाखों रुपये कीमत के गहने और नकदी बरामद की गई है। उन पर कई और थानों में भी प्राथमिकी दर्ज हैं।
सीओ जीआरपी उदय प्रताप सिंह और सीओ आरपीएफ गुजर सिंह ने स्टेशन पर पत्रकारों को बताया कि 20 दिसंबर 2025 को श्रमशक्ति एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान विजय सिंह निवासी मंगला बिहार कानपुर की पत्नी का पर्स चोरी हो गया था। जिसमें 25 हजार की नकदी, एटीएम कार्ड व अन्य सामान रखा था। विजय सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। वहीं दो दिसंबर 2025 काे गोमती एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान बदमाशों ने सुशील कुमार निवासी रायल सिटी थाना औरंगाबाद, बिजनौर की पत्नी पूनम का पर्स चोरी कर लिया था। उसमें भी एक मंगलसूत्र, चार अंगूठी व कान के झाले रखे हुए थे। 20 जून 2025 को यात्रा के दौरान चोर निर्मला देवी निवासी गांव नेवारी थाना तरैया, जिला सारण, बिहार का भी पर्स चोरी कर लिया था। पर्स में एक चैन, एक अंगूठी, मोबाइल और 15 हजार रुपये रखे थे। सभी की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस घटनाओं के खुलासे में लगी थी। शनिवार शाम सात बजे जीआरपी थानाध्यक्ष मोनू आर्य, आरपीएफ इंस्पेक्टर फिरोजाबाद नरेश कुमार और सीआईबी के उपनिरीक्षक विनोद कुमार प्लेटफार्म पर चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर ने बदमाशों के प्लेटफार्म नंबर चार पर बैठे होने की जानकारी दी। टीम ने उन्हें चारों ओर से घेरकर पकड़ लिया। उन्होंने अपने नाम अर्जुन यादव निवासी हिमांयूपुर थाना दक्षिण फिरोजाबाद, सुबोध कुमार निवासी गांव नगला बरी थाना बरहन आगरा और विशाल निवासी गांव गदाई थाना जलेसर जनपद एटा बताए। तलाशी में उनके पास से चोरी की चार अंगूठी, एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी कान के झाले, एक जोड़ी कान के बुंदे, एक चैन और 31640 रुपये बरामद किए गए है।