फिरोजाबाद।
जनपद में अवैध मिट्टी खनन का बड़ा नेटवर्क एक बार फिर खुलकर सामने आया है। एस के एच न्यूज़ के रियलिटी चेक में यह चौकाने वाला खुलासा हुआ कि थाना लाइनपार क्षेत्र के नगला गिरधारी में रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक धड़ल्ले से जेसीबी और दर्जन भर डंपरों से मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है।

नियमों के अनुसार मात्र 2 मीटर तक ही मिट्टी निकालने की अनुमति है, लेकिन मौके पर इससे कई गुना अधिक गहराई तक खुदाई कर धरती माता का सीना छलनी किया जा रहा है। खनन की इस अंधी दौड़ ने स्थानीय संपर्क मार्गों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है।

ग्राउंड रिपोर्ट में ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए कि जिम्मेदार विभागों की मिलीभगत के कारण खनन माफिया बेखौफ होकर काम कर रहे हैं। प्रशासनिक सख्ती के दावे रियलिटी चेक में पूरी तरह खोखले साबित हुए।

अवैध खनन की इस खुली लूट ने न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाया है, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि जिले में खनन माफिया कितने ताकतवर और निडर हैं, जबकि प्रशासन आंखें मूंदे बैठा दिखाई देता है।