फिरोजाबाद, 06 अप्रैल। जनपद में मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। जिलाधिकारी रमेश रंजन के कुशल नेतृत्व तथा मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य एवं परियोजना निदेशक सुभाष चन्द्र त्रिपाठी के निरंतर पर्यवेक्षण के चलते जनपद ने वर्ष 2025-26 के लक्ष्यों की प्राप्ति में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
जनपद को कुल 1260 आवासों का लक्ष्य प्राप्त हुआ था, जिसके सापेक्ष अब तक 1078 आवासों का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। यह कुल लक्ष्य का 85.56 प्रतिशत है। इस उपलब्धि के साथ फिरोजाबाद जनपद को प्रदेश स्तर पर 14वीं रैंक प्राप्त हुई है।
यदि ब्लॉकवार प्रगति पर नजर डालें तो अरांव में 137 के सापेक्ष 121, एका में 158 के सापेक्ष 140, फिरोजाबाद में 162 के सापेक्ष 140, जसराना में 116 के सापेक्ष 103, खैरगढ़ में 31 के सापेक्ष 25, मदनपुर में 149 के सापेक्ष 116, नारखी में 232 के सापेक्ष 201, शिकोहाबाद में 167 के सापेक्ष 148 तथा टूण्डला में 108 के सापेक्ष 84 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं।
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों एवं एडीओ पंचायतों को निर्देशित किया कि शेष आवासों का निर्माण हर हाल में 15 अप्रैल से पूर्व पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही पीडीडीआरडीए को प्रतिदिन ब्लॉकवार समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समयसीमा के भीतर प्रत्येक पात्र लाभार्थी को आवास उपलब्ध कराया जा सके।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति—विशेषकर दिव्यांगजन, निराश्रित विधवाएं एवं घुमंतू नट जनजाति—इस योजना से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि यह केवल एक प्रशासनिक लक्ष्य नहीं, बल्कि उन असंख्य परिवारों के सपनों से जुड़ा संकल्प है, जो वर्षों से अपने पक्के घर की प्रतीक्षा कर रहे हैं। योजना के माध्यम से उन्हें सुरक्षित और स्थिर जीवन उपलब्ध कराया जाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

