फिरोजाबाद/27 नवम्बर/सू0वि0/
बाबा नीम करौरी महाराज के जन्मोत्सव पर उनकी जन्मस्थली ग्राम अकबरपुर, तहसील टूण्डला में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पहुंचे। उन्होंने बाबा के चरणों में नतमस्तक होकर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की और बाबा के परिजनों से भी भेंट की।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने बाबा नीम करौरी महाराज के जीवन और संदेश पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि उनकी प्रार्थना है कि पूरे प्रदेश के लोग बाबा के आशीर्वाद से सुखी रहें और निरंतर विकास के मार्ग पर आगे बढ़ें।
उन्होंने कहा कि बाबा का ध्यान संकटों का निवारण करता है और परेशान जनमानस को राह दिखाता है। बाबा के उपदेश सनातन संस्कृति को और अधिक प्रगाढ़ बनाने का कार्य कर रहे हैं। यही कारण है कि आज उनकी ख्याति देश ही नहीं, पूरी दुनिया में फैल चुकी है। ऐप्पल के मालिक से लेकर आमजन तक, सभी के हृदय में बाबा के प्रति आस्था है। उनके आशीर्वाद से सनातन संस्कृति का ध्वज विश्वभर में लहरा रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह और बाबा के दामाद जगदीश भटेरे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

