फिरोजाबाद। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा आपसी समन्वय और संगठनात्मक मजबूती के उद्देश्य से एक भव्य मित्र मिलन समारोह का आयोजन स्थानीय कृष्णा अपार्टमेंट, राजा के ताल पर किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह में मुख्य रूप से नगर विधायक मनीष असीजा, जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मीनारायण यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेन्द्र वोहरे, पूर्व युवा जिलाध्यक्ष अश्वनी भरद्वाज, पार्षद श्याम सिंह यादव, भाजपा नेता राजीव पालीवाल, धर्मेंद्र शर्मा, हरिओम वर्मा, पार्षद प्रमोद रजौरिया, पवन दीक्षित, सत्यवीर गुप्ता, रविंद्र शर्मा ढपली सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने पार्टी की नीतियों, विचारधारा और संगठनात्मक मजबूती पर विस्तार से चर्चा की। नेताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है और कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। ऐसे आयोजनों से आपसी संवाद बढ़ता है और पुराने कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर मिलता है।
नगर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि आगामी समय में पार्टी को और अधिक मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना होगा। वहीं जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करता है और संगठन सदैव कार्यकर्ताओं के साथ खड़ा है।
आयोजकों के अनुसार, इस मित्र मिलन समारोह का उद्देश्य भाजपा के पुराने और नए कार्यकर्ताओं को एक मंच पर लाकर आपसी समन्वय स्थापित करना है, ताकि आने वाले समय में पार्टी को और अधिक सशक्त बनाया जा सके। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।