फिरोजाबाद।
बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। विकास खंड नारखी के नारखी विद्युत घर पर तार जोड़ते समय लाइनमैन की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान अरविंद (20 वर्ष), पुत्र तेजपाल, निवासी कायथा नारखी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार अरविंद बिजली के तार जोड़ने के लिए शटडाउन लेकर पोल पर चढ़ा था। इसी दौरान काम करते समय अचानक शटडाउन खोल दिया गया, जिससे करंट लगते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिवारजन अरविंद का शव लेकर बिजली घर नारखी पहुंचे और विद्युत स्टेशन के बाहर जाम लगाकर विरोध शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही और बिना सूचना शटडाउन बहाल करने के कारण अरविंद की जान गई।

मौत की खबर मिलते ही विद्युत विभाग के कर्मचारी और अधिकारी नारखी फीडर छोड़कर मौके से भाग निकले, जिससे लोगों में और आक्रोश फैल गया।

स्थानीय लोगों और परिजनों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसी लापरवाही भविष्य में किसी अन्य कर्मचारी की जान ना ले सके, इसके लिए विभाग को जवाबदेह बनाना आवश्यक है।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।