फिरोजाबाद।
अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विशु राजा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदेय स्थलों के सम्भाजन एवं नये मतदेय स्थल सूची को अंतिम रूप दिए जाने पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण से पूर्व, मतदाताओं को बेहतर अनुभव और सुगमता प्रदान करने के उद्देश्य से 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदेय स्थलों का सम्भाजन किया गया है। इसके साथ ही पुनर्निर्धारण एवं भवनों का चिन्हांकन कर नये मतदेय स्थल भी स्थापित किए गए हैं। आलेख्य प्रकाशन के उपरांत मतदेय स्थल सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है।

निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं उप जिलाधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि 1200 से अधिक मतदाताओं वाले बड़े मतदेय स्थलों के कारण विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मतदेय स्थलों की संख्या बढ़ाई गई है।

टूंडला विधानसभा: पूर्व में 434, अब 458

जसराना विधानसभा: पूर्व में 445, अब 465

फिरोजाबाद विधानसभा: पूर्व में 414, अब 450

शिकोहाबाद विधानसभा: पूर्व में 391, अब 414

सिरसागंज विधानसभा: पूर्व में 369, अब 395

बैठक में सभी राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्ष, मंत्री, सचिव सहित संबंधित उप जिलाधिकारी एवं निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।