थाना सिरसागंज पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत शातिर चोर अर्जुन उर्फ पुतला को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अभियुक्त थाना सिरसागंज के मुकदमा संख्या 660/2025 धारा 303(2) बीएनएस में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी हेतु दो पुलिस टीमें गठित की गई थीं। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने NH-2 हाइवे पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान शेख सराय की ओर से आ रहे संदिग्ध युवक ने रुकने के इशारे पर मोटरसाइकिल मोड़कर भागने की कोशिश की, जिसमें वह गिर पड़ा। भागने के प्रयास में उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिस पर पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की।
घायल आरोपी की पहचान अर्जुन उर्फ पुतला पुत्र जाहर सिंह निवासी कुरावली, जनपद मैनपुरी के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा व दो खोखा कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल तथा चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
अर्जुन उर्फ पुतला के विरुद्ध मैनपुरी, एटा और फिरोजाबाद सहित विभिन्न जनपदों में करीब दो दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य गम्भीर धाराएं शामिल हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष वैभव कुमार सिंह सहित उपनिरीक्षक वीरेन्द्र, भैया लाल, अशोक कुमार तथा हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, शिव शंकर, शिव प्रताप, हीरालाल और कांस्टेबल अमित सिंह, विश्वेंद्र तथा नाहर सिंह शामिल रहे। पुलिस द्वारा अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।.

