फिरोजाबाद। थाना टूंडला क्षेत्र के उसायनी स्थित वैष्णो देवी मंदिर परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब मंदिर में लगे नेजों में अचानक आग लग गई। आग लगते ही मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह आग पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संभावना जताई जा रही है कि किसी भक्त द्वारा दर्शन के बाद जलाया गया दीपक नेजा के पास रख दिया गया था, जिससे आग भड़क गई और देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आकर सभी नेजे जलकर खाक हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही इलाका पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।