फिरोजाबाद के नगला सिंघी थाना क्षेत्र में अपनी पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी गोविंद कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई तलवार भी बरामद की है।

यह घटना 27 मार्च 2026 को हुई थी। रामपुर निवासी गोविंद कुमार ने दिनदहाड़े अपनी पत्नी सीमा देवी की धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। इस संबंध में वादी तेजपाल की तहरीर पर नगला सिंघी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी गोविंद कुमार को टीकरी पुलिया से नगला सदा जाने वाले कच्चे रास्ते से पकड़ा। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तलवार बरामद की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी टूण्डला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस मामले का खुलासा किया।

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

इस गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष पारुल मिश्रा, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र सिंह, प्रबल प्रताप सिंह, जसवंत सिंह, कांस्टेबल चतुर्भुज बघेल, अनुज कुमार और महिला कांस्टेबल शालू की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।