फिरोजाबाद। जिलाधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे एवं मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य की उपस्थिति में तहसील शिकोहाबाद के सभागार कक्ष में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद स्तरीय सभी अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान जिलाधिकारी ने जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विद्युत, नगर पालिका, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 72 मामले प्राप्त हुए, जिनमें से 10 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रार्थीनी अमरीन अली के परिजनों ने डॉ. मिली अग्रवाल के खिलाफ गलत उपचार एवं लापरवाही की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम अरौंज निवासी उदयवीर सिंह एवं देवी दयाल ने पड़ोसी काश्तकारों द्वारा दबंगई की शिकायत की, जिस पर उपजिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
समाजसेवी सद्दाम हुसैन व अन्य लोगों ने मैनपुरी तिराहे पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी विभाग को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मोहल्ला नगला किला निवासी प्रेमलता ने नियमित गृहकर जमा करने के बावजूद क्षेत्र में आरसीसी सड़क एवं नाली निर्माण न होने की शिकायत की, जिससे जलभराव की समस्या बनी हुई है। जिलाधिकारी ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं सहजलपुर निवासी विशाल एवं मुहाट निवासी मिथलेश ने बिजली विभाग द्वारा गलत तरीके से बिल भेजे जाने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता (विद्युत) को 7 दिन के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करना है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी डॉ. गजेंद्र पाल, तहसीलदार, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडे, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी के.एम. सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित