टूंडला।एटा और फिरोजाबाद की सीमा पर इसौली चौराहे के पास शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो डंपरों की आमने सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई।इस हादसे में दोनों डंपर चालकों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई,जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना दोपहर करीब 3:07 बजे टूंडला-एटा रोड पर इमलिया डेरी के पास हुई।डंपर (RJ11GC5403) टूंडला से एटा की ओर जा रहा था,जबकि दूसरा डंपर (RJ11GC7780) एटा से टूंडला की तरफ आ रहा था।आमने सामने की टक्कर के बाद दोनों डंपरों में भीषण आग लग गई और वे धू-धू कर जलने लगे।हादसे में मृतकों की पहचान डंपर (RJ11GC5403) के चालक सुरेश (पुत्र पूरन सिंह,निवासी मऊआ खेड़ा,मुरैना,मध्य प्रदेश) और डंपर (RJ11GC 7780) के चालक भरत लाल (पुत्र रामेश्वर दयाल, निवासी धौलपुर, राजस्थान के रूप में हुई है।एक डंपर के क्लीनर धीरज (पुत्र हरी सिंह, निवासी धौलपुर) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया,जबकि एक अन्य घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
सूचना मिलते ही थाना रजावली,सकरौली और पचोखरा पुलिस मौके पर पहुंच गई।दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।हादसे के चलते एटा-टूंडला मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया,जिसे पुलिस ने इसौली चौराहे से डायवर्ट कर नियंत्रित किया।घटनास्थल पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी (सीओ) व संबंधित थानों के प्रभारी निरीक्षकों ने स्थिति का जायजा लिया। बाद में हाइड्रा मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त डंपरों को सड़क से हटाया गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक,टक्कर के तुरंत बाद ही दोनों डंपरों में आग लग गई थी,जिससे बचाव का मौका नहीं मिल सका।पुलिस फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

