फिरोजाबाद, 19 अप्रैल। उत्तर प्रदेश के मा० उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जनपद स्थित 200 सैया युक्त स्वाशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं उससे संबद्ध 100 सैया चिकित्सालय का सघन निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं, उपचार की गुणवत्ता और साफ-सफाई व्यवस्था को करीब से परखा।
उपमुख्यमंत्री सीधे जनरल वार्ड पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। बाल किशन नामक मरीज से बातचीत करते हुए उन्होंने विशेष रूप से पूछा कि दवाइयां अस्पताल से मिल रही हैं या बाहर से खरीदनी पड़ रही हैं। मरीज ने संतोषजनक जवाब देते हुए बताया कि उसे दवाइयां अस्पताल परिसर से ही मिल रही हैं। इसके अलावा उन्होंने शिल्पी नामक मरीज से भी संवाद कर उसके स्वास्थ्य और इलाज की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने एनआईसीयू सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की साफ-सफाई और उपकरणों की उपलब्धता पर संतोष जताया, लेकिन भविष्य में व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के उपरांत उपमुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, सीएमएस और सीएमओ को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को सभी अनुमन्य सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों को बाहर से दवाइयां लिखने की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।
उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, “जन सेवा ही प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है और किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान सदर विधायक मनीष असीजा, जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर, जिलाधिकारी रमेश रंजन, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

