फिरोजाबाद, 19 अप्रैल। जनपद में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती की शोभायात्रा एवं भगवान परशुराम जयंती को शांतिपूर्ण व सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देश्यीय हॉल में व्यापक ब्रीफिंग की गई। इस दौरान जनपद पुलिस के साथ-साथ अन्य जनपदों से आए पुलिस बल और पीएसी के जवान भी मौजूद रहे।
ब्रीफिंग के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्पष्ट निर्देश देते हुए बताया कि जनपद में व्यापक स्तर पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने बताया कि पूरे जनपद में ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि भीड़-भाड़ वाले इलाकों पर नजर रखी जा सके। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम, टेलीग्राम, फेसबुक और यूट्यूब पर भी 24 घंटे सतर्क निगरानी रखी जा रही है।
एसएसपी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए भारी संख्या में सादा वेश में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जो भीड़ में रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
इस दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, सभी क्षेत्राधिकारीगण सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की सूचना तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाना/चौकी पर दें। साथ ही बिना पुष्टि के किसी भी संदेश या पोस्ट को सोशल मीडिया पर शेयर या फॉरवर्ड न करें।

