फिरोजाबाद। पावन पर्व अक्षय तृतीया के अवसर पर भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव योगेश गर्ग के कार्यालय पर श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक रमेश चंद्र चंचल ने भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उपस्थित सभी लोगों ने श्रद्धा भाव से भगवान परशुराम को नमन किया और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव योगेश गर्ग ने भगवान परशुराम के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भगवान परशुराम, भगवान विष्णु के छठे अवतार माने जाते हैं। उनके पिता महर्षि जमदग्नि और माता रेणुका थीं। भगवान शिव से प्राप्त परशु (फरसा) के कारण ही उनका नाम परशुराम पड़ा। उन्होंने कहा कि यद्यपि परशुराम जी का जन्म ब्राह्मण कुल में हुआ, लेकिन उन्होंने अपने कर्मों से एक महान क्षत्रिय योद्धा के रूप में पहचान बनाई।
कार्यक्रम में रीना शर्मा, उर्वशी शर्मा, प्रियंका, निशांत गर्ग, सौरभ लहरी, तरुण उपाध्याय, संकल्प शर्मा, अतुल शुक्ला, विवेक पाठक, मनीष शर्मा, विष्णु पाठक, दर्शन विहारी, गोपाल भारद्वाज, अभय मिश्रा, हिमांशु मिश्रा, मेघेंद्र सिंह चौहान, वीरी सिंह प्रधान, योगेंद्र यादव सोनू, दीपू यादव सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एकजुट होकर समाज में भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।