फिरोजाबाद, 19 अप्रैल। जनपद के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र में नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ अब गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 को वादिया द्वारा थाना शिकोहाबाद में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को आशीष पुत्र सर्वेश निवासी मोहल्ला जाटवान, चूना वाली गली, थाना करहल, जनपद मैनपुरी बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। इस संबंध में मु0अ0सं0 259/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 87 व 137(2) में मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में महिला संबंधित अपराधों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर 19 अप्रैल को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर मामले में बीएनएस की धारा 64(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 की भी बढ़ोतरी की गई है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार, उपनिरीक्षक कपिल कुमार, महिला उपनिरीक्षक काजल एवं कांस्टेबल पुष्पेंद्र कुमार शामिल रहे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बाल अपराधों के प्रति जनपद में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

