फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ पुलिस ने छिनैती की घटनाओं का खुलासा करते हुए शनिवार को मुठभेड़ के दौरान एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज पुत्र रामजीलाल निवासी नगला मिर्जा, थाना रामगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर थाना उत्तर और रामगढ़ क्षेत्र में मोबाइल छिनैती की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी चनोरा खत्ता के पास मौजूद है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया और मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा (315 बोर), दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने दोनों छिनैती की घटनाएं स्वीकार कर ली हैं।
पुलिस के अनुसार इस गिरोह में कुल तीन आरोपी शामिल हैं, जिनमें से दो अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी लूट और अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

