मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी से किया आगाज, फिरोजाबाद में हुआ सजीव प्रसारण और निकली रैली
फिरोजाबाद। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ द्वारा स्कूल चलो अभियान का शुभारम्भ जनपद वाराणसी के कम्पोजिट विद्यालय शिवपुर से किया गया, जिसका सजीव प्रसारण बीआरसी फिरोजाबाद सहित जनपद के समस्त बीआरसी एवं विद्यालयों में कराया गया।
कार्यक्रम में लक्ष्मी नारायण यादव (ब्लॉक प्रमुख), शत्रोहन वैश्य (मुख्य विकास अधिकारी), आशीष कुमार पाण्डेय (जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी), ओम प्रकाश अकेला (खण्ड शिक्षा अधिकारी) सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद में लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से सीएम मॉडल कम्पोजिट विद्यालयों का निर्माण पुल खड़ीत, एका एवं करहरा में कराया जा रहा है, जहां प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक की पढ़ाई होगी।
अभियान के तहत 3 वर्ष आयु पूर्ण करने वाले बच्चों को आंगनबाड़ी/बालवाटिका में तथा 6 वर्ष के बच्चों का कक्षा-1 में शत-प्रतिशत नामांकन कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभिभावकों से अपील की गई कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख ने सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों की सराहना की और अधिक से अधिक बच्चों के नामांकन में जनसहयोग की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर एलईडी वैन के साथ स्कूल चलो रैली का शुभारम्भ किया गया। अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए अभिभावकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने की अपील की।

