फिरोजाबाद। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में जनपद के समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों एवं नगर शिक्षा अधिकारी के साथ स्कूली वाहनों की फिटनेस एवं सुरक्षा के संबंध में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी, फिरोजाबाद द्वारा जारी आदेश तथा परिवहन विभाग के निर्देशों के क्रम में 01 अप्रैल 2026 से 15 अप्रैल 2026 तक संचालित विशेष अभियान की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गठित निरीक्षण टीमों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों के स्कूली वाहनों की सघन जांच सुनिश्चित करें। जांच के दौरान वाहनों की फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र (पीयूसी), चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच अनिवार्य रूप से की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही चेतावनी दी गई कि जो विद्यालय निर्धारित निर्देशों का पालन नहीं करेंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनपद में संचालित यह विशेष अभियान बच्चों के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित विद्यालय परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।