नारखी क्षेत्र में 6.64 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास, श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
फिरोजाबाद: जनपद के नारखी क्षेत्र में धार्मिक स्थलों के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को करीब 6.64 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का विधिवत पूजन कर शिलान्यास किया।
शिलान्यास कार्यक्रम के तहत सिद्ध काली माता मंदिर, कनवार रेमजा (1.93 करोड़), श्री राधा कृष्ण मंदिर, बड़ा गांव (1.50 करोड़), श्री शिव मंदिर, आसलपुर (1.23 करोड़), गोगाजी एवं काली मंदिर, पिपरौली (1.12 करोड़) तथा शिव मंदिर, गढ़ी हंसराम (85.88 लाख) के पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराए जाएंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों का स्वरूप निखरेगा और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जयवीर सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र का अभूतपूर्व विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों के तहत धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों का तेजी से विकास किया जा रहा है, जिससे उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर भी पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल विकास कार्य कराना ही नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। इन परियोजनाओं के माध्यम से जहां एक ओर श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर ने कहा कि ये परियोजनाएं टूंडला क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से आमजन को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रमुख सुशील चक सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।

