फिरोजाबाद। नई दिल्ली से बिहार जा रही पूर्वा एक्सप्रेस में पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। घटना 30 मार्च की बताई जा रही है, जबकि 31 मार्च को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के मीडिया सेल के अनुसार ट्रेन संख्या 12303 में कानपुर सेंट्रल से नई दिल्ली के बीच स्कॉर्ट ड्यूटी पर हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल इमरान मलिक तैनात थे। ड्यूटी के दौरान दोनों पुलिसकर्मी चेकिंग करते हुए एस-1 कोच में पहुंचे, जहां जनरल टिकट वाले यात्रियों की भीड़ थी, जिससे रिजर्वेशन वाले यात्रियों को परेशानी हो रही थी।
टीटीई की सूचना पर पुलिसकर्मियों ने जनरल टिकट वाले यात्रियों को उनके निर्धारित कोच में जाने के लिए कहा। इसी दौरान दो युवक भड़क गए। आरोप है कि मुजफ्फरनगर निवासी गुलबहार और चंदौली निवासी संजय यादव ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इतना ही नहीं, उन्होंने वर्दी पर लगी नेम प्लेट भी तोड़ दी और पुलिसकर्मियों को फर्जी बताते हुए उनका वीडियो बना लिया। जवाब में पुलिसकर्मियों ने भी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
इस मामले में जीआरपी थाना टूंडला में मुकदमा दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष मोनू कुमार आर्य ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट सहित कई धाराओं में कार्रवाई की गई है।

