शिकोहाबाद। नेशनल हाईवे-19 के नगला सेंदलाल इलाके में रविवार को बड़ा हादसा होने से बाल-बाल टल गया। आगरा से इटावा की ओर जा रही ओरा कार ने आगे चल रहे कच्ची ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली में अचानक टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रॉली हाईवे पर पलट गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई गंभीर हताहत नहीं हुआ, अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
दुर्घटना के बाद कार में सवार दो लोग घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैफिक को संभाला और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। हाईवे पर कुछ समय तक जाम जैसी स्थिति बनी रही, जिसे पुलिस ने हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

