फिरोजाबाद। संत परम दयाल सीनियर सेकेंडरी स्कूल का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं संस्कारों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम में चार-चाँद लगा दिए। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।
रविवार को आयोजित वार्षिकोत्सव का शुभारंभ डिप्टी कलेक्टर मुख्यालय अनुराधा सिंह एवं एस.आर.के. महाविद्यालय के प्राचार्य रवि महेश्वरी द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का आगाज़ सरस्वती वंदना एवं गणेश वंदना से हुआ।
इसके उपरांत बच्चों ने ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित प्रभावशाली प्रस्तुति दी। साथ ही कृष्ण लीला, पॉप नृत्य, मां दुर्गा वंदना, महाभारत, राजस्थानी नृत्य, मेड इन इंडिया, जलियांवाला बाग, नवरात्रि नृत्य, हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की एवं राम सिया राम जैसी मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
विद्यालय के प्रबंधक ब्रह्मप्रकाश शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलता है। शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में बीएसए आशीष कुमार पांडे, एडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी, अंशुमन शर्मा, मनोज गर्ग, डॉ. रामसनेही लाल शर्मा, प्रबंधक गौरव शर्मा, रानी शर्मा, सौरभ लहरी, रवि शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।