फिरोजाबाद। सदर विधायक मनीष असीजा के प्रयासों से पिछले 7–8 वर्षों से लंबित बालगृह निर्माण की बाधाएं समाप्त हो गईं और आज बालगृह निर्माण के लिए भूमि पूजन कर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य (बाल विकास एवं पुष्टाहार) उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक मनीष असीजा ने की।
बालगृह निर्माण के लिए पूर्व में दबरई स्थित भूमि का चयन किया गया था, लेकिन वहां से 33,000 केवी की विद्युत लाइन गुजरने के कारण निर्माण संभव नहीं हो पाया। इसके बाद सैलई रोड स्थित सांथी ग्राम में 0.5 हेक्टेयर भूमि का चयन किया गया, जहां अब निर्माण कार्य शुरू किया गया है।
इस परियोजना के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 14.5 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिसमें से 5 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। इस बजट से बनने वाले दो मंजिला बालगृह में 100 बच्चों के रहने की व्यवस्था होगी। भवन में दोनों तल पर 20 शौचालय और 20 बाथरूम, साइकोलॉजी ऑफिस, किचन, डाइनिंग हॉल, पेशेंट रूम, काउंसलिंग रूम, क्लास रूम, मेडिएशन रूम, मल्टीपरपज हॉल, कंप्यूटर रूम तथा लाइब्रेरी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। निर्माण कार्य को एक वर्ष में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस बालगृह का उद्देश्य अनाथ, बेसहारा, शोषित एवं देखभाल की आवश्यकता वाले 10 से 18 वर्ष तक के बच्चों को सुरक्षित आश्रय, पौष्टिक भोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं तथा पारिवारिक वातावरण प्रदान करना है, ताकि उनके शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास के साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
कार्यक्रम में महापौर कामिनी राठौर, जिलाध्यक्ष उदयप्रताप, भाजपा नेता भगवानदास शंखवार, योगेंद्र बाबा, सोबरन जाटव, मोनू जाटव, रोमी सागर, राकेश गौतम, के.के. गांधी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी मिथलेश सिंह एवं कार्यदायी संस्था के अधिकारी उपस्थित रहे।

