फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र स्थित संतोष नगर गली नंबर 1 में शनिवार सुबह डॉ. भीमराव अंबेडकर इंटर कॉलेज के पास रखे एक ट्रांसफार्मर में अचानक तेज धमाके के साथ आग लग गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रांसफार्मर से पहले तेज आवाज आई, जिसके बाद कुछ ही क्षणों में उसमें आग की लपटें उठने लगीं। घटना के समय स्कूल के आसपास भी काफी हलचल थी, जिससे स्थिति और भी चिंताजनक हो गई।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की कोई सूचना नहीं है। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
आग बुझने तक इलाके में अफरातफरी का माहौल बना रहा। घटना के बाद लोगों में भय का माहौल देखा गया, वहीं संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।