फिरोजाबाद नगर निगम द्वारा संचालित विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत मंगलवार को शहर में एक व्यापक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ माननीय महापौर श्रीमती कामिनी राठौर ने सुभाष तिराहे से हरी झंडी दिखाकर किया।
यह रैली सुभाष तिराहे से शुरू होकर बस स्टैंड, गांधी पार्क चौराहा होते हुए गांधी पार्क एवं भारत माता पार्क तक निकाली गई। रैली के माध्यम से शहरवासियों को संचारी रोगों से बचाव, स्वच्छता बनाए रखने और सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को पूरी तरह बंद करने के प्रति जागरूक किया गया।
गौरतलब है कि यह विशेष अभियान 01 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत नागरिकों को साफ-सफाई रखने, जलभराव से बचने, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने और स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया जा रहा है।
इस दौरान नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त अजय कुमार, सहायक नगर आयुक्त निहाल सिंह, रविन्द्र प्रताप सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन कुमार, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक ह्रदेश कुमारी, खाद्य निरीक्षक दिनेशपाल सिंह सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी, सफाई नायक, सफाई मित्र और लॉयन सर्विस लिमिटेड की टीम उपस्थित रही।
नगर निगम ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता अपनाकर और सिंगल यूज़ प्लास्टिक का बहिष्कार कर शहर को स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने में अपना योगदान दें।

