फ़िरोज़ाबाद। पीएम पोषण योजना के तहत जनपद के परिषदीय विद्यालयों में ‘मिड डे मील (एमडीएम) कोर्ट’ का निर्माण युद्ध स्तर पर कराया जा रहा है। जिलाधिकारी के मार्गदर्शन एवं मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के कुशल निर्देशन में यह कार्य तेजी से प्रगति पर है।
जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी विद्यालयों में एमडीएम कोर्ट निर्माण के निर्देश दिए हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान पर भोजन उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि विद्यालयों में किसी भी प्रकार की मूलभूत सुविधा की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा इस योजना को गंभीरता से धरातल पर उतारा जा रहा है। ग्राम पंचायत निधि एवं स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (एसएमसी) फंड का पारदर्शी ढंग से उपयोग करते हुए निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी के सतत पर्यवेक्षण का ही परिणाम है कि जनपद के विभिन्न विद्यालयों में निर्माण कार्य लगातार आगे बढ़ रहा है।
प्रशासन द्वारा समय-समय पर निर्माण कार्यों की समीक्षा भी की जा रही है, ताकि गुणवत्ता के साथ कोई समझौता न हो। इस पहल से न केवल विद्यालयों का बुनियादी ढांचा सुदृढ़ हो रहा है, बल्कि बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और अनुशासन की दिशा में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
जिला प्रशासन के इन प्रयासों से विद्यालयों की छवि निखर रही है और विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण में शिक्षा एवं पोषण दोनों का लाभ मिल रहा है।