फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव फंदे पर लटका हुआ मिला। परिजनों का कहना है कि युवक ने पत्नी के वियोग में यह कदम उठाया है। दो साल पहले पत्नी ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पत्नी की हत्या के आरोप में वह जेल गया था और तीन महीने पहले ही वह जेल से छूटकर आया था।
थाना रमागढ़ क्षेत्र के ठारपूठा निवासी 22 वर्षीय पूरन पुत्र राधेश्याम की शादी ढाइ साल पहले हुई थी। शादी के कुछ माह बाद ही उसकी पत्नी मीना ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मायका पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। जिस पर युवक जेल गया था। तीन महीने पहले ही वह जेल से छूटकर आया था। सोमवार को युवक ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव कमरे में फंदे के सहारे लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस को परिजनों ने बताया कि पत्नी के वियोग में उसने यह कदम उठाया है। वह जेल से आने के बाद से ही परेशान रहने लगा था। किसी को कुछ नहीं बताता था और किसी से अधिक बातें भी नहीं करता था। पत्नी की याद करता था। इंस्पेक्टर थाना रामगढ़ का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। तहरीर प्राप्त होने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
