फिरोजाबाद। थाना जसराना क्षेत्र में एक कलयुगी पिता ने शराब के नशे में बेटे को गोली मार दी। बेटा मां को बचाने के लिए आया था। इसी बात से नाराज होकर पिता ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली बेटे के कंधे में जाकर लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी पिता मौके से फरार हो गया।
थाना जसराना क्षेत्र के गांव नगला हरी सिंह निवासी पूरन सिंह रविवार रात्रि शराब पीकर घर आया था। घर में आते ही उसने अपनी पत्नी दर्शन देवी के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। जब उनका बेटा पुष्पेंद्र मां को बचाने के लिए पहुंचा, तो आरोपी पिता ने तमंचे से बेटे पर गोली चला दी। गोली बेटे के कंधे में जाकर लगी, जिससे वह घायल हो गया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी पिता मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटना को लेकर जांच पड़ताल की और घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। इस मामले में थानाध्यक्ष शेर सिंह का कहना है तहरीर प्राप्त होने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी पिता की तलाश की जा रही है।
पत्नी से विवाद के बाद पति ने लगाई फांसी, 12 साल पहले हुई थी शादी
फिरोजाबाद। थाना नारखी क्षेत्र में एक युवक का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला। परिजनों का आरोप है कि पत्नी से कुछ कहासुनी हुई थी। उसके बाद युवक ने आत्मघाती कदम उठा लिया। उसकी शादी 12 साल पहले हुई थी और अभी तक कोई संतान नहीं थी।
थाना नारखी क्षेत्र के गांव जाटऊ निवासी 32 वर्षीय गुड्डू पुत्र ज्ञान सिंह जाटव मेहनत मजदूरी करता था। पति पत्नी के बीच आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। रविवार को दिन में पति और पत्नी के बीच कहासुनी हुई तो पत्नी ने पुलिस बुला ली थी। पुलिस दोनों को समझा बुझाकर वापस चली गई। रात को फिर दोनों के बीच कुछ कहासुनी हुई और देर रात युवक ने कमरे के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। परिजनों ने बताया कि उनके कोई संतान नहीं थी। इंस्पेक्टर मनोज कुमार शर्मा का कहना है कि मृतक अधिक क्रोध करता था। शराब पीकर भी आता था। गुस्से में आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है। शव को पेास्टमार्टम के लिए भिजवाने के साथ ही मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सैलई सांती रोड बाजार समिति का शपथ ग्रहण समारोह आज
फिरोजाबाद। सैलई सांती रोड बाजार समिति का शपथ ग्रहण समारोह एवं व्यापारी सम्मान समारोह 8 अप्रैल दिन मंगलवार को दोपहर एक बजे से एस.एन. पैलेस सांती रोड पर आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी महानगर अध्यक्ष अम्बेश शर्मा ने दी है।
