फिरोजाबाद। जनपद के थाना नगला सिंघी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि तीन मासूम बेटियां बेसहारा हो गईं।
घटना ग्राम रामपुर (थाना नगला सिंघी) की है। सूचना के अनुसार, लक्ष्मी शर्मा ने यूपी-112 पर कॉल कर बताया कि उसकी बहन की उसके जीजा ने हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पारूल मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं।
मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि सीमा देवी (करीब 25 वर्ष) पत्नी गोविंद शुक्ला का शव जमीन पर पड़ा था। उसके पेट पर किसी नुकीले हथियार से वार कर निर्ममता से हत्या की गई थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पति गोविंद शुक्ला (ऑटो चालक) वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भेज दिया गया है और आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें जुट गई हैं।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मृतका सीमा देवी पहले अपने पहले पति को छोड़कर आई थी और अपनी 6 वर्षीय बेटी को साथ लाई थी। बाद में उसने गोविंद शुक्ला से प्रेम विवाह किया था। वर्तमान में उनके कुल तीन बेटियां हैं—6 वर्ष, 4 वर्ष और 6 माह की।
बताया जा रहा है कि पिछले तीन दिनों से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर लगातार विवाद चल रहा था, जो आखिरकार इस खौफनाक घटना में बदल गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में जल्द ही मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। इस घटना के बाद तीनों मासूम बेटियां पूरी तरह असहाय हो गई हैं, जिन्हें लेकर गांव और क्षेत्र में गहरा दुख और आक्रोश व्याप्त है।

