फिरोजाबाद में मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर मंगलवार को श्रमिकों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया। बढ़ती महंगाई, भीषण गर्मी और कम मजदूरी से परेशान श्रमिकों ने कई कारखानों में काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी। थाना दक्षिण क्षेत्र स्थित नन्नूमल कारखाने समेत कई फैक्ट्रियों में मजदूरों ने प्रदर्शन करते हुए मजदूरी बढ़ाने की मांग उठाई।
कारखानों के बाहर बड़ी संख्या में श्रमिक एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए कहा कि वर्तमान मजदूरी में परिवार का पालन-पोषण करना बेहद मुश्किल हो गया है। मजदूरों का कहना है कि रसोई का खर्च, बच्चों की पढ़ाई, बिजली बिल और दैनिक जरूरतों का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन मजदूरी वर्षों से लगभग स्थिर बनी हुई है।
श्रमिकों ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी में भट्टियों और बंद कारखानों के अंदर काम करना जानलेवा साबित हो रहा है। उनका कहना था कि तेज तापमान के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं, लेकिन मेहनत के अनुरूप भुगतान नहीं मिल रहा। इसी वजह से मजदूरों में भारी नाराजगी है।
हड़ताल के चलते कई कारखानों में उत्पादन प्रभावित रहा, जबकि कुछ स्थानों पर काम पूरी तरह बंद हो गया। श्रमिकों ने चेतावनी दी कि जब तक मजदूरी बढ़ाने को लेकर ठोस फैसला नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।