जनपद फिरोजाबाद टूंडला के थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव नगला कदम में सोमवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। टूण्डला से नियामतपुर जाने वाले रोड पर एक कंटेनर ट्रक की टक्कर से 11000 वोल्ट की लाइन का बिजली का पोल टूटकर गिर गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच कंटेनर ने अनियंत्रित होकर बिजली के पोल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली पोल टूट गया और हाईटेंशन लाइन के तार टूटकर कंटेनर के ऊपर जा गिरे।

गनीमत रही कि तार गिरते समय सड़क पर ज्यादा आवाजाही नहीं थी और कंटेनर चालक भी सुरक्षित बच गया। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। अचानक पोल टूटने और तार गिरने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने तत्काल लाइन की सप्लाई बंद कराई और सुरक्षा के इंतजाम किए।

यह हादसा गांव नगला कदम के तिराहे के पास, बिजली फीडर से करीब 300 मीटर की दूरी पर हुआ है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रक चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ। फिलहाल विद्युत विभाग के कर्मचारी पोल वे लाइन को दुरुस्त करने में जुटे हैं।