फिरोजाबाद। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजनान्तर्गत जनपद में ग्रामीण विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला अभिसरण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में द्वितीय चरण के तहत चयनित 25 आदर्श ग्रामों की ग्राम विकास योजना (वीडीपी) को ग्राम अभिसरण समिति से अनुमोदन के उपरांत जिला अभिसरण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम विकास योजनाओं में प्रस्तावित गैप फिलिंग गतिविधियों के कार्य प्रारंभ कराने से पूर्व यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि संबंधित कार्य पहले से किसी अन्य विभाग द्वारा न कराए गए हों। उन्होंने विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी तथा परियोजना अधिकारी नेडा को निर्देश दिए कि प्रस्तावित आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक शौचालय, पिंक मॉडल शौचालय एवं सोलर स्ट्रीट लाइट जैसे निर्माण कार्यों को शुरू कराने से पहले स्थलों का स्वयं निरीक्षण करें, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र ग्रामीणों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।
इसके अलावा जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) एवं जिला प्रबंधक अनुगम फिरोजाबाद को निर्देशित किया गया कि शेष चयनित 49 आदर्श ग्रामों में हाउसहोल्ड सर्वे की कार्रवाई संबंधित खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से शीघ्र पूर्ण कराई जाए।
बैठक में शत्रोहन वैश्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, परियोजना निदेशक (डीआरडीए) सहित जिला स्तरीय प्रोजेक्ट अप्रैजल सह-कन्वर्जेन्स कमेटी के सदस्य, सचिव एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

