फिरोजाबाद। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी विशु राजा के साथ कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी सतर्कता तथा निर्वाचन अभिलेखों के रख-रखाव की समीक्षा करना रहा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और उनके संचालन का बारीकी से अवलोकन किया। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेयरहाउस के बाहर लगाए गए सुरक्षा निगरानी डिस्प्ले को और बड़ा किया जाए, ताकि प्रत्येक गतिविधि स्पष्ट रूप से दिखाई दे सके। साथ ही सुरक्षा में तैनात कार्मिकों को 24 घंटे सतर्क एवं मुस्तैद रहने के निर्देश भी दिए गए।
निर्वाचन प्रक्रिया की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने अंतिम मतदाता सूची के सुरक्षित प्रबंधन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी निर्वाचन अभिलेखों को पूरी तरह सुरक्षित रखा जाए तथा डाटा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मतदान सूची की प्रतियों को पीडीएफ फॉर्मेट एवं सॉफ्ट कॉपी के रूप में अनिवार्य रूप से संरक्षित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। इस अवसर पर अनुराधा सिंह सहित जिला कृषि अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

