फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को बेसिक शिक्षा विभाग का विस्तृत निरीक्षण कर कार्यालयीय व्यवस्थाओं, कार्य संस्कृति और शिकायत निस्तारण प्रणाली का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, लेखाधिकारी कार्यालय तथा विभिन्न अनुभागों के पटल अभिलेखों की बारीकी से जांच की।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यालय में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखते हुए कार्यों के त्वरित निस्तारण की कार्यशैली अपनाई जाए। उन्होंने लंबित फाइलों और कार्यों को अनावश्यक रूप से रोके रखने की प्रवृत्ति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जनसामान्य एवं विभागीय कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिकायत निस्तारण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने सेवानिवृत्त शिक्षकों के मामलों में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि पेंशन एवं अन्य देयकों का भुगतान समय से किया जाए तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य होगी।
लेखाधिकारी को निर्देशित किया गया कि कार्यरत शिक्षकों का मासिक वेतन निर्धारित समय पर जारी किया जाए। साथ ही सभी पटल प्रभारियों को फाइलों, रजिस्टरों एवं पत्रावलियों को व्यवस्थित रखने तथा उनका समय से निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई एवं सुव्यवस्थित रखरखाव बनाए रखने पर भी जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी विभाग की छवि वहां होने वाले कार्यों की गुणवत्ता और गति से बनती है, इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करें। निरीक्षण के दौरान शत्रोहन वैश्य भी मौजूद रहे।