फिरोजाबाद। थाना एका क्षेत्र के नगला मोती गांव में शनिवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों ओर से लाठी-डंडे, सरिए और ईंट-पत्थर चले, जिससे चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, गांव की रहने वाली इंद्रावती की जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार को विवाद अचानक बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। घटना की सूचना मिलते ही उप निरीक्षक विपिन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया।
थाना अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि संघर्ष में बबलू, योगेंद्र, गया प्रसाद और पवन घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। एक पक्ष में अरविंद, शैलेंद्र, योगेंद्र और बबलू शामिल थे, जबकि दूसरे पक्ष में सीटू, पवन, जितेंद्र और गया प्रसाद थे।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पिछले कई दिनों से तनाव चल रहा था। पहले भी शांति भंग की कार्रवाई की जा चुकी है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

