टूण्डला, फिरोजाबाद। नगला सिंघी थाना पुलिस ने शनिवार रात चेकिंग के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष पारुल मिश्रा ने बताया कि शनिवार रात करीब 8 बजे पुलिस टीम बनकट-नियामतपुर रोड पर प्रेमपुर पुलिया के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवकों को रोका गया।
गाड़ी के कागज मांगने पर दोनों युवक कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सके। सख्ती से पूछताछ करने पर पता चला कि मोटरसाइकिल चोरी की है।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपित आंशू और प्रेमपाल, निवासी गढ़ी धर्मी, थाना नगला सिंघी को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

