टूण्डला, फिरोजाबाद। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी टूण्डला के नेतृत्व में शनिवार को टूण्डला टोल प्लाजा पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

इस अभियान में यातायात प्रभारी महेश कुमार व थाना टूण्डला प्रभारी अनिल कुमार की संयुक्त टीम ने बाइक और ऑटो चालकों की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की।

चेकिंग के दौरान कई युवक शराब के नशे में बाइक व ऑटो चलाते हुए पकड़े गए। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए वाहनों को सीज कर दिया। साथ ही मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान भी काटे गए।

क्षेत्राधिकारी टूण्डला ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाया जा रहा है। शराब पीकर वाहन चलाना दंडनीय अपराध है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।