जनपद फिरोजाबाद थाना नगला सिघी में मिशन शक्ति अभियान के तहत शुक्रवार को थाना नगला सिंघी में कक्षा 12 की छात्रा को एक दिन का थानाध्यक्ष बनाया गया। जिसमें थानाध्यक्ष बनी छात्रा ने कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर दिशा निर्देश दिए।
सुबह 11 बजे टीकरी निवासी धर्मेंद्र पौनियां की कक्षा 12 में अध्ययनरत पुत्री वर्षा पौनियां थानाध्यक्ष की गाड़ी से थाने पहुंची। जहां उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली को जाना। थाने पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों को सुना। थाना परिसर का भ्रमण करने के उपरांत उन्होंने सड़क पर चलने वाले दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट लगाकर चलने को प्रेरित किया। थानाध्यक्ष बनी छात्रा ने चेकिंग अभियान चलाने के साथ ही अतिक्रमण की शिकायत आने पर उसे भी हटवाया। इस मौके पर थानाध्यक्ष पारुल मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। वहीं, फूल सिंह मायाराम दीक्षित इंटर कालेज में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर, सशक्त और सुरक्षित बनाने को लेकर जागरूक किया गया।